जिले के एक पटवारी और चौकी प्रभारी के बाद अब बिजली विभाग के जेई का रिश्वत लेते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पावर कारपोरेशन अफसरों हड़कंप मच गया है। जेई बिजली कनेक्शन देने के नाम पर वसूली कर रहा था। एसई ने तत्काल प्रभाव से एई टेस्ट को जांच के निर्देश दिए हैं।
स्याना खंड के एक जेई को रिश्वत लेते वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें जेई कनेक्शन देने के लिए रिश्वत लेते हुए दिखाई दे रहा है। वहीं, पूरे मामले पर अधीक्षण अभियंता ने संज्ञान ले लिया है। अधीक्षण अभियंता ने एई टेस्ट अश्वनी बेदी को जांच के आदेश दिए हैं।
फरार हुआ दलाल
कैमरे में रिश्वत लेते जेई के कैद होने पर पावर कारपोरेशन अफसरों में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि जेई के साथ एक दलाल काम करता था। यह दलाल ही जेई के लिए वसूली का काम करता था। अब वीडियो वायरल होने के बाद दलाल जेई के लाखों रुपये लेकर चंपत हो गया है। अधिकांश पैसा विभागीय राजस्व का बताया जा रहा है।
मामला गंभीर है। देखा जा रहा है कि क्या यह पैसा विभाग का था या अवैध रूप से उगाही की जा रही थी। इसकी जांच के लिए एई टेस्ट को निर्देश दिए गए हैं।-राकेश कुशवाहा, अधीक्षण अभियंता