बुलंदशहर में एनएच-91 पर गांव दोस्तपुर के पास इस कदर उखड़ने लगा हाईवे, कि वाहनों की रफ्तार कम होने लगी।
- फोटो : ब्यूरो
घटिया निर्माण सामग्री के प्रयोग से एनएच-91 (सिकंदराबाद से बुलंदशहर तक) कई स्थानों पर उखड़ गया है। दोस्तपुर के पास ओवरब्रिज के दोनों ओर की लिंक रोड्स की गिट्टियां भी खुर्द-बुर्द हो चुकी हैं। खास बात यह है 1400 करोड़ की लागत से बने इस हाईवे का विधिवत उद्घाटन तक नहीं हुआ है। सड़क का यूं बिखरना कई सवाल खड़े कर रहा है।
एनएचएआई ने गाजियाबाद से अलीगढ़ तक एनएच-91 को फोर लेन किया गया है। 1400 करोड़ के प्रोजेक्टस का सिकंदराबाद में कहीं कहीं काम रूका हुआ है। जहां काम पूरा हो गया है, वहां हाईवे क्षतिग्रस्त होने लगा है। इस मार्ग का अभी तक विधिवत उद्घाटन भी नहीं हुआ है। इससे पहले ही हाईवे की सड़क उखड़नी शुरू हो गई है।
इसमें गहरे गड्ढे हो गए हैं। दोस्तपुर ओवरब्रिज के पास तो लिंक रोड का पत्थर भी उखड़कर बिखर गया है। सड़क टूटने के साथ ही हाईवे पर जगह जगह अवैध कट बना लिए गए हैं। हाईवे के अवैध कट्स भी हाइवे यात्रियों की टेंशन बढ़ा रहे हैं।
बता दें कि अवैध कट और क्षतिग्रस्त सड़क के कारण हाइवे पर आए दिन वाहन डिस्बेलेंस होकर दुर्घटनाओें के शिकार होते हैं। कई लोगों को जान तो कई को हाथ पैर गवाने पड़ते हैं। हालांकि अफसरों ने कमजोरी को छिपाने के लिए हाईवे पर जगह जगह पेंच वर्क कराकर डैमेज कंट्रोल का प्रयास है।
कालाआम से मोतीबाग रोड भी जगह जगह टूट गया है। ये रोड हाल ही में बनाया गया था। प्रशासनिक अफसरों ने एनएच-235 चौड़ीकरण के मद्देनजर गांव अकबरपुर में जमीन का अवार्ड (मुआवजा तय) घोषित नहीं किया है। मुआवजा तय नहीं होने से चौड़ीकरण से संबधित सभी काम रुक गए हैं।