नटवरलालों ने विधायकों की मुसीबत बढ़ा दी है। विधायक बनकर अफसरों को हड़काया जा रहा है और गेस्ट हाउस में जमकर मौज-मस्ती की जा रही है। अनूपशहर विधायक के नाम पर गेस्ट हाउस बुक कराने के बाद अब नया मामला सामने आया है।
अबकी बार शिकारपुर विधायक बनकर गेस्ट हाउस बुक कराया गया है। जब तक फर्जीवाड़ा खुलता, तब तक नटवरलाल भाग निकले। विधायक ने अपने नाम के दुरुपयोग को लेकर डीएम-एसएसपी से शिकायत की है।
भाजपा विधायकों के लिए इन दिनों नटवरलाल सिरदर्द बने हुए हैं। अनूपशहर विधायक के नाम पर गेस्ट हाउस बुक कराने के बाद अब नया मामला शिकारपुर विधायक का सामने आ रहा है। शिकारपुर विधायक अनिल शर्मा के नाम से कुछ नटवरलालों ने खुर्जा में गेस्ट हाउस बुक करा लिया।
गेस्ट हाउस में जमकर मौज-मस्ती की गई। मामला जब तक शिकारपुर विधायक के पास पहुंचा, तब तक नटवरलाल भाग निकले। अब इन नटवरलालों की धरपकड़ के लिए पुलिस जुट गई है। विधायक ने उनके नाम के दुरुपयोग को लेकर डीएम-एसएसपी से शिकायत की है।
साथ ही पत्र दिया है कि उनके प्रतिनिधि के रूप में कुलदीप शर्मा को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा उनके प्रतिनिधि के रूप में कोई व्यक्ति दबाव बनाए तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
अफसर भी नटवरलालों से परेशान
भाजपा विधायकों के नाम का दुरुपयोग होने से जिले के अफसर भी खासे परेशान हैं। फर्जी तरीके से विधायक बनकर अफसरों पर दबाव डालकर अनैतिक कार्य कराए जा रहे हैं।
एक पुलिस अफसर ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि एक व्यक्ति ने उन्हें जिले के एक विधायक का प्रतिनिधि बताकर एक पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा।
इसके कुछ देर बाद फिर एक अन्य व्यक्ति का फोन आया और उसने भी उसी विधायक का प्रतिनिधि बताकर दूसरे पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा। पुलिस अफसर ने बताया कि जब सच जानने के लिए विधायक से संपर्क साधा गया तो दोनों में से कोई भी उनका प्रतिनिधि नहीं निकला।
मुझे जानकारी मिली है कि फर्जी तरीके से मेरे नाम का दुरुपयोग किया जा रहा है। कुछ नटवरलाल मेरे नाम से फर्जी तरीके से गेस्ट हाउस बुक कराकर उसमें रुके हैं। जब तक मुझे मामले का पता चला, तब तक नटवरलाल गायब हो गए। डीएम-एसएसपी से शिकायत कराई गई है।
अनिल शर्मा, विधायक, शिकारपुर