घटनास्थल का निरीक्षण करती पुलिस।
- फोटो : ब्यूरो
कोतवाली क्षेत्र के नगला लुफ्तअलीपुर गांव निवासी अधेड़ की हथियार से सिर में वार कर हत्या कर दी। शव को समनपुर के पास रजवाहे में फेंक दिया। सोमवार सुबह खेत पर गए लोगों ने रजवाहे में शव पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसएसपी अनीस अहमद अंसारी, एसपी देहात पंकज कुमार पांडेय तथा सीओ चंद्रधर गौड़ ने भी घटना स्थल का दौरा कर घटना के सम्बन्ध में जानकारी ली। क्षेत्र के नगला लुफ्तअलीपुर गांव निवासी हरिचंद(50) पुत्र बुद्धा सिंह गांव में ही परचून की एक छोटी सी दुकान चलाता था।
रविवार की दोपहर करीब 2 बजे गांव से किसी के साथ बाइक पर गया था। सोमवार की सुबह उसका शव समनपुर मीरापुर के बीच जंगल में रजवाहे में पड़ा मिला। सिर में चोट लगने से रक्तस्राव हो रहा था।
जानकारी पाकर एसएसपी अनीस अहमद अंसारी भी घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक तांत्रिक का काम भी करता था। साथ ही वह शराब पीने का शौकीन था। फिलहाल किसी से रंजिश की बात सामने नहीं आई है।
हत्या के सभी पहलुओं से जांच कर मामले का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, एसपी देहात पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक के पुत्र रतनपाल ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
बाइक से पहुंचे एसएसपी
क्षेत्र में अधेड़ हरिचंद की हत्या की सूचना मिलने पर एसएसपी घटना स्थल को निकल पड़े। लेकिन समनपुर से रजवाहे की पटरी पर रास्ते कीचड़ होने और गाड़ी के घटना स्थल पर न पहुंचने के कारण एसएसपी को बाइक का सहारा लेना पड़ा।
पुलिया पर गाड़ी छोड़कर वह पायलट के रूप में चल रहे एक एसआई की बुलट मोटरसाइकिल पर बैठकर वह एक किलोमीटर दूर घटना स्थल पर पहुंचकर मौका-ए-वारदात का जायजा लिया।