भांजी का भात लेकर सुनपेड़ा गांव आए सिक्योरिटी गार्ड की गला रेत कर हत्या कर दी गई और शव को चचूरा नहर में फेंक दिया गया। वह चार मार्च से लापता था। पुलिस की सूचना पर पहुंचे मृतक के बड़े भाई ने उसकी शिनाख्त की। मृतक युवक के भाई की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव चचोई थाना खुर्जा देहात निवासी अशोक सोलंकी पुत्र हरपाल सोलंकी ने बताया कि उसका छोटा भाई अनिल कुमार सोलंकी(30)नोएडा में ग्रुप फोर कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड था। चार मार्च को वह गांव के ही अजय पुत्र प्रेम सिंह के साथ ककोड़ क्षेत्र के गांव सुनपेड़ा में उसकी भांजी का भात लेकर आया था।
सुनपेड़ा से अनिल संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। 6 मार्च को अशोक ने अजय व श्रीपाल पर अपने भाई को अगवा करने का संदेह जाहिर करते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बृहस्पतिवार को अनिल का शव गांव इनायतपुर में चचूरा नहर के पुल में अटका मिला।
अनिल के भाई अशोक ने उसकी शिनाख्त की। मृतक के 6 साल की बेटी व चार साल का एक बेटा है। इंस्पेक्टर वीके मिश्रा ने बताया कि अनिल की हत्या धारदार हथियार से काटकर की गई थी। मृतक के गले व शरीर पर धारदार हथियार के काटने के कई गहरे निशान थे।
बताया कि अशोक की तहरीर पर चचोई निवासी अजय पुत्र प्रेमपाल, गांव बड़ौता चोला चौकी निवासी श्रीपाल पुत्र गजराज के खिलाफ अनिल को अगवा कर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।