नगर कोतवाली क्षेत्र की विष्णुपुरम कॉलोनी के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। भाई ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है। राजनगर चांदपुर निवासी सचिन कुमार शर्मा पुत्र यशपाल ने पुलिस को बताया कि भाई भूपेंद्र कुमार निजी फाइनेंस कंपनी में काम करते थे।
19 फरवरी की शाम 5.30 बजे बाइक से वह घर राजनगर लौट रहे थे। तभी वलीपुरा नहर की तरफ से भूड़ की ओर जाने लगे। जब वह विष्णुपुरम कॉलोनी के पास पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे भूपेंद्र को गंभीर चोटें आईं। लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान भूपेंद्र की मौत हो गई।
सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल
देवीपुरा द्वितीय निवासी रामकिशन शर्मा ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 19 फरवरी की शाम फुफेरा भाई हिमांशु शर्मा निवासी देवीपुरा द्वितीय अपने किराएदार कृष्ण कुमार वर्मा के साथ अपने मित्र की शादी में शामिल होने आया था। शादी में शरीक होने के बाद वह अपने अन्य मित्र प्रशांत बंसल के घर बाइक लेकर चला गया था।
रात करीब 11 बजे लौटते समय उसके साथ पीछे बाइक पर अकरम पुत्र सलीम भी आ रहे थे। जैसे ही हिमांशु डॉ. रविंद्र की दुकान के सामने खुर्जा गेट पुलिस चौकी के पास पहुंचा सामने से ट्रक ने ने हिमांशु की बाइक में टक्कर मार दी। जिसके चलते हिमांशु को गंभीर चोटें आईं। चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।
अकरम ने लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।