नेहरूपुर चुंगी के पास तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे को गंभीर हालत में कैलाश अस्पताल में रेफर किया गया है।
दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। वहीं, हादसे के बाद गाड़ी लेकर भाग रहे आरोपी चालक को राहगीरों ने दबोचकर धुनाई कर दी। गुस्साई भीड़ ने हाईवे पर जाम लगा दिया।
सूचना पर पहुंची कई थानों की पुलिस से भीड़ की जमकर नोंकझोक हुई। करीब एक घंटे बाद बसपा जिला अध्यक्ष और एसडीएम के समझाने पर लोग शांत हुए। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे नेहरूपुर निवासी पिंटू (25) पुत्र स्व. पृथ्वी और रतन (28) बाइक से पॉटरी फैक्ट्री में ड्यूटी करने जा रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक गांव से निकलकर हाईवे पर चढ़ने लगी। तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने बाइक सवारों को कुचल दिया। पिंटू की तो मौके पर ही मौत हो गई जबकि रतन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आसपास के लोगों ने भाग रहे चालक को दबोचकर धुनाई शुरू कर दी।
सूचना पर गांव से काफी संख्या में लोग परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उठाने लगी तो लोगों का गुस्सा भड़क गया। मामला बढ़ते देख थाना देहात, अरनियां समेत कई थानों की पुलिस पहुंच गई।
सूचना पर एसडीएम इंदुप्रकाश सिंह भी पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। कुछ देर बाद बसपा जिलाध्यक्ष कमल राजन ने पहुंचकर लोगों को समझाया और एसडीएम ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद तथा बीमा आदि का पैसा दिलाने का आश्वासन दिया तो करीब एक घंटे बाद हाईवे पर वाहनों का आवागमन सुचारु हो पाया
जाम के चलते रूट किया डायवर्ट
पुलिस ने हाईवे जाम होने पर वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया। बुलंदशहर के वाहनों को हजरतपुर बाईपास से तथा अलीगढ़ की तरफ से आने वाले वाहनों को वाजिदपुर बाईपास से होकर निकाला गया। जाम की स्थिति को देखते हुए अंदर की तरफ से आने वाले वाहनों को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
अंदर आने वाले यात्रियों को हुई दिक्कत
जाम के कारण रूट डायवर्ट होने से सभी बसे बाईपास से निकलने लगी। ऐसे में खुर्जा में अंदर आने वाले यात्रियों को वाजिदपुर बाईपास से आने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। बाईपास पर बस से उतर कर लोगों को अंदर तक के लिए पैदल यात्रा करनी पड़ी। वहीं जो लोग बैट्री रिक्शा और टैंपो पर सवार होकर अंदर आए उन्हें अतिरिक्त पैसे देने पड़े।
आश्रित परिजनों को मजदूरी बीमा समेत योजना के तहत करीब दस लाख रुपये और अन्य आर्थिक मदद दिलाया जाएगा। इसके लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
इंदुप्रकाश सिंह,एसडीएम खुर्जा