बकाया भुगतान नहीं करने पर सप्लायर ने फैक्ट्री के मैनेजर के साथ मारपीट कर दी। हंगामा बढ़ता देख फैक्ट्री मालिक ने पुलिस को फैक्ट्री में दस लाख रुपये लूट की सूचना दे दी। दस लाख की लूट की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में कोतवाल पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मारपीट के आरोप में फैक्ट्री मालिक समेत तीन को जेल भेज दिया है। दादरी निवासी शम्मी औद्योगिक क्षेत्र स्थित सनराइज फैक्ट्री में लकड़ी सप्लाई करता है।
शम्मी ने बताया कि महीनों से उसके फैक्ट्री पर 75 हजार रुपये बकाया थे। शनिवार को शम्मी अपने साथियों के साथ फैक्ट्री में बकाया रुपये लेने के लिए आया था। भुगतान नहीं करने पर उसका अकाउंटेंट विवेक के विवाद हो गया।
आरोप है कि शम्मी ने विवेक के साथ मारपीट कर दी। फैक्ट्री मालिक छोटेलाल ने पुलिस को फैक्ट्री में दस लाख लूट की सूचना दी। लूट की सूचना पर कोतवाल जितेंद्र कुमार पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे।
कोतवाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामला बकाया भुगतान नहीं करने पर मारपीट का था। मारपीट करने के आरोप में सप्लायर शम्मी, अकाउंटेंट विवेक, फैक्ट्री मालिक छोटेलाल को शांति भंग में जेल भेज दिया गया।