नगर कोतवाली क्षेत्र में मिनी बस सवार बदमाशों ने निजी कंपनी के सीनियर मैनेजर को लिफ्ट देकर नकदी और मोबाइल लूट लिया। बदमाश काली नदी पुल के पास फेंककर भाग गए। पीड़ित ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव घतूरी निवासी मदन मोहन शर्मा पुत्र रामभूल शर्मा मुंबई की एक निजी कंपनी में सीनियर मैनेजर हैं। सात जनवरी की रात 11 बजे वे गाजियाबाद से बुलंदशहर आए थे। डीएवी तिराहे पर बस से उतरे और गांव के लिए बस का इंतजार करने लगे।
तभी एक मिनी बस आई और शिकारपुर चलने की बात कही। बस में ड्राइवर समेत चार लोग बैठे थे। बस में बैठने के बाद बदमाशों में से एक ने गर्दन पर चाकू रख दिया और दूसरे ने कनपटी पर तमंचा लगा दिया। बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर छह हजार रुपये, दो मोबाइल लूट लिए।
बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी और काली नदी के पास फेंककर चले गए।
चाचा-भतीजे को बंधक बनाकर ले गए सौ क्विंटल धान
गांव साबौता में शनिवार रात यमुना एक्सप्रेसवे के समीप स्थित खेत में सो रहे चाचा-भतीजे को बंधक बनाकर नकाबपोश बदमाश ढाई लाख रुपये का धान गाड़ी में भरकर ले गए। विरोध करने पर बदमाशों ने दोनों को पीटा। पुलिस ने मामला संदिग्ध बताते हुए चोरी में दर्ज कर लिया गया है।
गांव साबौता निवासी किसान डाल चंद शर्मा ने बताया कि वह और उसका भतीजा मोहनलाल शर्मा खेत पर सो रहे थे। रात करीब 12:30 बजे 12 नकाबपोश बदमाशों ने दोनों को पीटा और बंधक बनाकर खेत में डाल दिया। दोनों को बंधक बनाने के बाद बदमाश करीब सौ क्विंटल धान गाड़ी में भरकर फरार हो गए।
रात करीब तीन बजे मुंह से एक-दूसरे की रस्सी खोलकर चाचा-भतीजों ने ग्रामीणों को जानकारी दी। ग्रामीणों के साथ रविवार दोपहर दोनों कोतवाली पहुंचे ।