रामपुर कलौली और उर्फ मिर्जापुर के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की मौत का कारण लोहिया आवास का नहीं मिलना बताया है। पीड़ित का आरोप है कि लोहिया आवास आवंटन की आड़ में लेखपाल ने उनकी पत्नी से 10 हजार रुपये मांगे।
रुपये नहीं दिए तो उनको आवास नहीं मिला। इससे उनकी पत्नी को सदमा लगा और मौत हो गई। एडीएम प्रशासन ने एसडीएम सदर को मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
मिर्जापुर निवासी महेंद्र पुत्र हरपाल सिंह बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में एडीएम प्रशासन से मिले। महेंद्र ने एडीएम को बताया कि उनकी पत्नी लोहिया आवास के लिए पात्रता की सभी शर्त पूरी कर रही थीं।
आरोाप है कि इसके बावजूद लेखपाल ने सही रिपोर्ट देने की एवज में 10 हजार रुपये की मांग की। रुपये नहीं मिलने पर लेखपाल ने दूसरे लोगों की रिपोर्ट बनाकर विकास विभाग को भेज दी। आवास नहीं मिलने का सदमा उनकी पत्नी को लग गया और वह बीमार पड़ गईं।
इसी सदमे में वह चल बसीं। पीड़ित ने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं। घर नहीं होने से परेशानी बढ़ गई है। पीड़ित ने एडीएम से मकान दिलवाने की मांग भी की है। इस संबंध में एडीएम प्रशासन ने बताया कि प्रकरण की जांच एसडीएम सदर को सौंप दी है।