सड़क हादसे के केस में दूसरा वकील रखने से नाराज दो अन्य वकीलों ने सपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष की साथियों के साथ मिलकर कचहरी परिसर में पिटाई कर दी।
विरोध करने पर आरोपी वकीलों ने सपा नेता को जान से मारने की नीयत से पिस्टल तान दी। पीड़ित ने नगर कोतवाली में दोनों वकील भाइयों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली जहांगीराबाद क्षेत्र के खालौर गांव निवासी प्रमोद कुमार शर्मा पुत्र डंबर लाल शर्मा ने तहरीर दी है कि वह समाजवादी पार्टी प्रबुद्ध प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष है।
12 जून को स्याना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में निखोब निवासी उनके बहनोई राकेश शर्मा और भांजे विनय शर्मा की मौत हो गई थी। प्रमोद ने पुलिस को बताया कि खालौर निवासी धर्मेंद्र और उनका भाई हरेंद्र पुत्र रामसिंह वकालत करते हैं।
हादसे के बाद धर्मेंद्र और हरेंद्र अपने परिचित वकीलों को हादसे का केस दिलाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने कई बार दबाव भी बनाया था। लेकिन बहनोई के परिजनों ने किसी अन्य वकील को अपना केस दे दिया।
इससे दोनों भाई रंजिश मानने लगे। आरोप है कि शुक्रवार शाम 4 बजे वह कचहरी में आए थे। तभी धर्मेंद्र और हरेंद्र अपने 8-10 वकील साथियों के साथ मिलकर उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
आरोपियों ने जान से मारने की नियत से कनपटी पर पिस्टल सटा दी। प्रमोद किसी तरह जान बचाकर पुलिस के पास पहुंचे। नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि वकील धर्मेंद्र व उनके भाई हरेंद्र समेत 10-12 वकीलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।