भंडारी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की रात जीआरपी ने तीन अंतर प्रांतीय चोरों को गिरफ्तार किया है। यह शातिर चोर ट्रेनों में सोए यात्रियों का बैग, सूटकेस के साथ ही शरीर से गहने उतार लेते थे।
जीआरपी ने शनिवार को उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। शुक्रवार की रात एसएचओ राजू नारायण पांडेय भंडारी रेलवे स्टेशन पर भ्रमण कर रहे थे।
इसी दौरान प्लेट फार्म संख्या चार-पांच पर तीन संदिग्ध दिखे। पुलिस को देख तीनों वहां से भागने लगे। यह देख जीआरपी के एसआई कृष्ण कुमार, मोहन लाल और कांस्टेबल इंद्रदेव, अरविंद तिवारी और भानुप्रताप तिवारी ने दौड़ाकर तीनों को दबोच
लिया। पूछताछ में तीनों ने हरियाणा प्रांत का निवासी बताया। तलाशी लिए जाने पर उनके पास से एक जोड़ी सोने का मंगलसूत्र, तीन जोड़ी चांदी का पायल, दो जोड़ी बिछिया, 360 ग्राम नशीला पाउडर, एक पिलाश, कटर, पेचकश, मास्टर
चाभी, एक पंच और चोरी के 900 रुपये बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के हिसार जिले के हांसी थाने के सारेली निवासी जयवीर सिंह, रोहतक के बलवान सिंह, हिसार नारनोद के रवि हैं, जिनके खिलाफ जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।