उधार का तगादा करने पर ट्रेवल एजेंट ने साथियों के साथ मिलकर सलारपुर स्थित महर्षि योग आश्रम के ट्रांसपोर्ट अधिकारी की हत्या कर दी और शव चचूरा नहर में फेंक दिया। नोएडा पुलिस ने ट्रेवल एजेंट और उसके साथी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने के बाद रविवार को ककोड़ क्षेत्र के इनायतपुर गांव में चचूरा नहर से शव बरामद किया।
जानकारी के अनुसार मूलरूप से कानपुर सदर निवासी विजय सचान (58) पुत्र नंदलाल सचान पिछले आठ साल से नोएडा के सलारपुर स्थित महर्षि योग आश्रम में ट्रांसपोर्ट अधिकारी के रूप में काम कर रहेे थे। वह परिवार के साथ आश्रम परिसर में ही रहते थे। आश्रम के लोगों ने बताया कि 16 मार्च की सुबह वह संदिग्ध हालात में लापता हो गया था।
एसआई सुखवीर सिंह यादव ने बताया कि इस मामले में नामजद एटा निवासी ट्रेवल एजेंट राजीव पाल को हिारासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि आश्रम में उसकी गाड़ियां चलती थीं। इस कारण उसके विजय से करीबी संबंध हो गए। उसने विजय से 20 लाख रुपये उधार लिए थे। अब विजय तगादा कर रहा था।
उसने नोएडा स्थित विजय के फ्लैट को किराए पर दिलवाने के बहाने बुलाया और अपने साथी राज भाटी व अन्य के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। उसी दिन उन्होंने ने विजय के शव को चचूरा नहर में फेंक दिया। आरोपियों के खुलासे के बाद शव को नहर में तलाशने के लिए पुलिस ने नहर का पानी कम कराया।
रविवार को विजय का शव ककोड़ क्षेत्र के गांव इनायतपुर में झाल में जाल में अटका मिला। हत्या में नामजद राजीव पाल और राजभाटी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका एक साथी फरार है।