नगर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम चचेरी बहन के साथ ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही एक छात्रा का बाइक सवार तीन युवकों ने अपहरण कर लिया। आक्रोशित परिजनों ने मोहल्लेवालों के साथ मिलकर कोतवाली पर हंगामा किया। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर एक नामजद समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कृष्णा नगर निवासी व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी और भतीजी दोनों रोजाना ट्यूशन पढ़ने जाती हैं। 28 दिसंबर 2016 की शाम करीब 7.30 बजे दोनों ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थीं। रास्ते में कुमार पुस्तक भंडार के सामने वाली गली पर पहुंचीं तो एक बाइक पर मोहल्ला निवासी विजय अग्रवाल अपने दो साथियों के साथ आया।
उसने भतीजी को धक्का मारकर जमीन पर गिरा दिया और बेटी को जबरन बाइक पर बैठाकर ले गया। भतीजी ने शोर मचाया तो लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद गुस्साए मोहल्ले वाले कोतवाली पहुंचे और उन्होंने हंगामा किया।
नगर कोतवाल पोसीराम शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी विजय अग्रवाल समेत तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। छात्रा को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
खेत गई किशोरी से रेप की कोशिश
थाना क्षेत्र एक गांव में मां के साथ खेत पर चारा लेने गई किशोरी से दूसरे गांव के युवक ने रेप करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। किशोरी के शोर मचाने पर मां को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। किशोरी के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह गरीब परिवार से है।
27 दिसंबर की सुबह बेटी (17) और पत्नी खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने गई थीं। दोनों अलग-अलग खेत में चारा काट रही थीं। तभी गांव बढ़पुरा निवासी धर्मेंद्र जाट वहां पहुंचा और किशोरी के साथ रेप करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने उसके कपड़े भी फाड़ दिए और मारपीट की।
किशोरी के शोर मचाने पर मां को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। घर लौटने पर मां-बेटी ने परिजनों को आपबीती बताई। थाने पहुंचकर पिता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। एसओ अहार शैलेष कुमार त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर धर्मेंद्र के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। सीओ अनूपशहर मामले की जांच कर रही हैं।
ससुर ने की दुष्कर्म की कोशिश
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में ससुर ने गर्भवती बहू से रेप करने की कोशिश की। विरोध करने पर महिला की पिटाई कर दी। पीड़िता ने पति से शिकायत की तो पति ने भी झूठा ठहराते हुए मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने तहरीर दी है। महिला ने बताया कि उसकी शादी 2015 में हापुड़ में हुई थी। शादी के बाद से ही उसका ससुर उस पर बुरी नजर रखता था।
मां-बेटे को पीटा
मजदूरी मांगने पर एक युवक ने मां-बेटे को पीट दिया। पीर बियावानी निवासी शाहनवाज ने बताया कि उसने गांव निवासी युवक के यहां मिट्टी डाली थी। बृहस्पतिवार को वह मां के साथ युवक के घर रुपये लेने के लिए गया था। युवक ने मजदूरी देने से मना कर दिया और उनके साथ मारपीट की। पीड़ित ने नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।