चौकी क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार सुबह 10वीं कक्षा के छात्र ने 5 साल की बच्ची के साथ रेप कर दिया। इसकी शिकायत लेकर पहुंचे थाने पीड़ित पक्ष के चार लोगों को पुलिस ने ही हवालात में डाल दिया।
एसएसपी के संज्ञान लेने पर देहात पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर तो दर्ज की लेकिन पीड़ित पक्ष के लोगों को नहीं छोड़ा। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह 5 वर्ष की बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। घर पर दादी थी।
मां मायके गई हुई थीं और पिता ड्यूटी करने नोएडा गए हुए थे। तभी पड़ोसी 10वीं कक्षा का छात्र बच्ची को बहला-फुसलाकर एक खाली प्लॉट में ले गया। जहां आरोपी ने बच्ची से रेप किया।
खून से लथपथ बच्ची रोती बिलखती घर पहुंची और उसने दादी को आपबीती बताई। वृद्धा ने यह जानकारी फोन पर अपने बेटे को दी।
मंगलवार शाम जब पीड़ित पक्ष आरोपी के घर शिकायत लेकर पहुंचे तो उन्होंने मारपीट कर पीड़ित के घर पर पथराव कर दिया। कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष जब चौकी पहुंचा तो चौकी इंचार्ज ने पीड़ित पक्ष के चार लोगों को ही हवालात में डाल दिया।
साथ ही आरोप लगाया कि उन्होंने पथराव किया और दुष्कर्म का झूठा केस दर्ज कराने चौकी चले आए। रात गुजरने के बाद बुधवार दोपहर पीड़ित पक्ष के लोग एसएसपी से मिले।
इसके बाद देहात पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। परिजनों ने आरोप लगाया कि चौकी प्रभारी विनोद यादव ने आरोपी पक्ष से मिलीभगत करके कार्रवाई नहीं की। वह चुनावी रंजिश बताकर मामले को दबाने में जुटा है।
पीड़िता के परिजनों के तहरीर पर आरोपी छात्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। जहां तक चौकी प्रभारी के खिलाफ आरोपों का सवाल है, मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
-राजेश कुमार, एसपी सिटी