3700 करोड़ के लाइक फर्जीवाड़े में शनिवार को जिले में दो और एफआईआर दर्ज की गई हैं। खानपुर और छतारी थाने में एबलेज इंफो सोल्यूशंस के मालिक अनुभव मित्तल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
सोशल ट्रेड पर लाइक्स के माध्यम से लोगों को ठगने वाली एबलेज इंफो सोल्यूशंस के मालिक पर शिकंजा कसता जा रहा है। खानपुर निवासी संदीप चौहान ने थाने में कंपनी संचालक अनुभव मित्तल के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई है।
इसके अलावा छतारी थाने में भी इमरान, विक्की, हाजी यूसुफ और शबाव खान ने कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बता दें कि जिले में हजारों लोग सोशल ट्रेड पर पैसा कमाने के चक्कर में आकर लाखों रुपये गंवा चुके हैं। जिले में आरोपी अनुभव मित्तल के खिलाफ कई थानों में रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी हैं।
गुलावठी में भी दी गई तहरीर
खुशहालपुर निवासी ललित कुमार ने थाने में तहरीर देकर शिकायत की है कि एबलेज इंफो सोल्युशंस कंपनी ने उसके साथ धोखाधड़ी की है। ललित कुमार के अनुसार नवंबर 2016 में उसने एक रिश्तेदार के कहने पर कंपनी में 57 हजार 500 रुपये लगाए थे।
उसे बताया गया कि हर क्लिक पर पांच रुपये मिलेंगे तथा 125 क्लिक मिलेंगे। परंतु उसे अभी तक मात्र 28 हजार रुपये मिले हैं। तहरीर देकर पुलिस से बाकी पैसा दिलाने की मांग की गई है।