भाइयों को राखी बांधने जा रही महिला और उसके बेटे की बृहस्पतिवार शाम पुराना बस स्टैंड के पास स्टेट हाईवे 235 पर हादसे में मौत हो गई। हादसा शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ जिसमें कैंटर ने बाइक को कुचल दिया। पुलिस ने कैंटर चालक को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अचपल गढ़ी थाना पिलखुवा हापुड़ निवासी महिला सुन्दरी (28) बृहस्पतिवार को अपने भाई धर्मवीर के साथ बाइक पर सवार होकर अपने मायके खपोवास की मंडैया सिकंदराबाद जा रही थी। सुंदरी का भाई धर्मवीर उसे लेने ससुराल गया था। बाइक पर महिला के साथ उसका आठ वर्षीय बेटा कृष्णा व एक बेटी भी थे।
पुलिस के अनुसार पुराना बस स्टैंड के निकट हाईवे पर अचानक बाइक स्लिप हो गई तथा बाइक पर सवार लोग गिर गए। तभी एक कैंटर ने मां-बेटे को कुचल दिया। कैंटर से कुचलकर मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा पुलिस ने दोनों के शवों को बुलंदशहर भेज दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई तथा कुछ देर के लोग सड़क पर जमा हो गए। पुलिस ने लोगों को सड़क से हटाया।
रोडवेज बस की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत
डिबाई/दानपुर (ब्यूरो)। हाईवे पर भीमपुर दौराहे के निकट बंदायू डिपो की रोडवेज बस की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के भाई ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अलीगढ़ जिले के थाना अतरौली निवासी नेकपाल पुत्र लखपत सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका भाई गगन व दोस्त बबलू बुधवार को बाइक से गांव आ रहे थे। भीमपुर के निकट रोडवेज की बस की टक्कर से दोनों युवक गंभीर घायल हो गए। इलाज के दौरान गगन की मौत हो गई जबकि बबलू की हालत अभी भी गंभीर है। दौलतपुर चौकी पुलिस ने पीड़ित नेकपाल की दी तहरीर पर बंदायू डिपो की बस के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बस के ट्रैक्टर को मारी टक्कर, दो महिलाएं घायल
सिकंदराबाद (ब्यूरो)। रक्षा बंधन पर रिश्तेदारी में आ रहे ट्रैक्टर सवारों को अनुबंधित बस चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। अरनिया निवासी एक परिवार रक्षा बंधन पर ट्रैक्टर से सवार होकर अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था।
रात्रि करीब 11.30 बजे जिला कारागार के पास पीछे से आ रही अनुबंधित बस के चालक ने ट्रैक्टर में पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रैक्टर सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने महिलाओं को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने अनुबंधित बस चालक को हिरासत में ले लिया।
सड़क दुर्घटनाओं में छह लोग घायल
बुलंदशहर (ब्यूरो)। अलग-अलग सड़क हादसों में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इसमें एक ही परिवार के तीन सदस्य भी हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गांव चंदेरू के पास बुधवार रात को ट्रैक्टर और रोडवेज के बीच टक्कर हो गई।
इस हादसे में ट्रैक्टर सवार सतीश पुत्र रोहताश निवासी अरनिया, उसकी पत्नी पूनम, 11 वर्षीया बेटी मुस्कान घायल हो गए। इसके अलावा चंदेरू के पास ही अज्ञात वाहन ने कैंटर में टक्कर मार दी। हादसे में केंटर चालक गिरीराज गंभीर घायल हो गए। उधर, शिकारपुर रोड पर गांव हलपुरा निवासी धर्मेंद्र पुत्र सुरेश और विपिन पुत्र प्रेमपाल बाइक से गांव जा रहे थे। गांव के पास ही अज्ञात वाहन बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बुरी तरह घायल हो गए।
ट्रेन से गिरकर जल निगम कर्मी घायल
सिकंदराबाद/ककोड़। रक्षाबंधन पर घर आ रहा जल निगम कर्मी ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। खुर्जा जंक्शन निवासी कमल पुत्र रापाल गाजियाबाद जल निगम में काम करता है। बृहस्पतिवार को वह रक्षा बंधन पर अलीगढ-टुंडला पैसेंजर से घर आ रहा था। त्योहार के कारण ट्रेन में काफी भीड़ थी।
चोला स्टेशन से पहले जैसे ही ट्रेन रूकने के लिए धीमी हुई तो यात्रियों के धक्का लगने के कारण कमल ट्रेन से गिर गया। कमल का ट्रैक में सिर लगने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने कमल को बुलंदशहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया ।
कार की टक्कर से मासूम की मौत, दंपति घायल
डिबाई/दानपुर। नेशनल हाईवे-93 पर भीमपुर दौराहे के पास मंगलवार को एक कार ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। बाइक सवार दंपति और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान चार साल से बच्चे की मौत हो गई।
रक्षाबंधन पर पहुंचा भाई का शव, बहनें बेहाल
सिकंदराबाद (ब्यूरो)। रक्षाबंधन पर भाई का शव घर पहुंचते पर कोहराम मच गया। उसकी मौत बुधवार रात दादरी बाईपास पर हुए हादसे में हुई। दो ट्रकों की टक्कर में करीब 20 लोग घायल हो गए थे। नगर के गद्दीवाडा निवासी अंशु के पिता की करीब दो साल पहले मौत गई थी। अंशु की दो छोटी बहनें है और बड़ा भाई विपिन है।
बड़ा भाई कोई काम नहीं करता है। परिवार के पालन पोषण की जिम्मेदारी अंशु पर थी। अंशु के चाचा रामऔतार ने बताया कि बुधवार रात अंशू नगर के कुछ लोगों के साथ ट्रक से दिल्ली के गाजीपुर स्थित मंडी में सब्जियां बेचने जा रहा था। दादरी बाईपास पर रात्रि करीब 11.30 बजे सामने से आ रहे ट्रक ने उनके ट्रक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से सब्जी से भरा ट्रक पलट गया। दुर्घटना में ट्रक में सवार अंशु समेत नगर निवासी सोम, ललित, राकेश सैनी, मनीष, राहुल, भोलू, भोला, संजय, राजाराम, सोनू, ओम प्रकाश, मुन्ना, मनोज, मौ. अकरम, चरन, भीम, छोटू, अमित, राजू, छपरोला निवासी किशोर घायल हो गए। रामऔतार ने बताया कि गंभीर रूप से घायल अंशु की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।