साठा मोहल्ले में दो पक्षों में झगड़े के बाद जिला अस्पताल में इकट्ठा लोग।
- फोटो : ब्यूरो
समझौते की कोशिश में विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने सभासद पर फायर झोंक दिया। इस दौरान हाथापाई में गोली खुद गोली चलाने वाले को ही लग गई। गोली की आवाज सुनकर सभासद पक्ष के लोग दौड़े और उनमें से एक ने फायरिंग की तो गोली वहां मौजूद एक मिस्त्री को लगी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां से उन्हें दिल्ली रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में सभासद समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। बाद में दोनों पक्षों की ओर से तीन-तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई। पुलिस जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कह रही है।
मोहल्ला साठा निवासी सभासद मनमोहन यादव उर्फ चीकू का मोहल्ले के ही सोनू नामक युवक से विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे मनमोहन यादव इस मामले में सोनू के घर बात करने गया।
इस दौरान कहासुनी हुई तो सोनू ने रिवॉल्वर निकालकर मनमोहन यादव पर तान दी। हाथापाई में चली गोली सोनू के हाथ में लगी। तभी सभासद का भाई भी रिवाल्वर लेकर आ गया। उसने सोनू व उसके भाई मोनू पर गोली चला दी। गोली सोनू के घर पर काम कर रही मिस्त्री अकील को लगी।
अकील के लहूलुहान होते ही भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अकील और सोनू को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से दोनों को दिल्ली रेफर कर दिया गया। पुलिस ने सभासद मनमोहन यादव और सोनू के भाई मोनू को हिरासत में ले लिया है। नगर कोतवाल राजवर्धन गौड़ ने बताया कि सभासद ने तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
वहीं घायल अकील के भाई शकील ने सभासद और सेल्स टैक्स विभाग में काम करने वाले उसके भाई समेत तीन के खिलाफ तहरीर दी है। नगर कोतवाल ने बताया कि सोनू-मोनू की तरफ से देर शाम तक कोई तहरीर नहीं मिली है। जांच के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।