लापता युवती के परिजनों ने पुलिस पर आईजी के आदेश के बाद भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि 26 दिसंबर को गांव का ही एक युवक उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया था। उन्होंने इस संबंध में कोतवाली में नामजद तहरीर दी थी।
बेटी की बरामदगी नहीं होने पर उन्होंने आईजी जोन मेरठ अजय आनंद से बेटी को बरामद करने की गुहार लगाई थी। उनकी शिकायत पर आईजी ने तीन जनवरी को एसएसपी सोनिया सिंह को मामले का स्वयं संज्ञान लेने और युवती को तुरंत बरामद करने के आदेश दिए थे। आरोप है कि आईजी के आदेश के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
कोर्ट के आदेश पर मारपीट-लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज
चार माह पूर्व गांव लखावटी में घर में घुसकर हुई मारपीट और लूटपाट के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाने में सुनवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली थी। गांव लखावटी मिर्जापुर निवासी नसीर पुत्र पीर मोहम्मद के घर में चार माह पूर्व दबंगों ने घर में घुसकर मारपीट की थी।
पीड़ित ने थाना देहात पुलिस में तहरीर दी थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। कोर्ट के आदेश पर देहात थाना पुलिस ने कादिर, मुकीम, बबली और अमित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।