पति के झगड़े से तंग महिला का फोन सीएम आवास पर पहुंचने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी पति को हिरासत में लेकर कोतवाली आ गई। हालांकि बाद में गुस्सा ठंडा होने पर महिला कोतवाली जाकर पति को छुड़ाकर घर ले आई।
बुधवार को नगर के एक मोहल्ले में महिला का अपने पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों के बीच मारपीट की नौबत आ पहुंची। हंगामा बढ़ते देख मोहल्ले के लोग पहुंच गए। काफी समझाने बुझाने के बाद भी पति-पत्नी के बीच का झगड़ा समाप्त नहीं हुआ।
इसी बीच महिला ने मोबाइल से मुख्यमंत्री आवास पर नंबर डायल कर दिया और पति की शिकायत कर दी। शिकायत के बाद बुलंदशहर पुलिस के पास लखनऊ से फोन घनघना उठा। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई और मौके पर पहुंची।
पति-पत्नी के बीच चल रहे झगड़े को देख पुलिस ने दोनों को समझा-बुझाकर शांत किया और आरोपी पति को लेकर कोतवाली आ गई। हालांकि गुस्सा ठंडा होने के बाद महिला कोतवाली पहुंची और पति को छुड़ाकर घर ले आई।
कोतवाली प्रभारी धनंजय मिश्र ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास पर महिला ने शिकायत की थी। उसके आधार पर मौके पर जाकर पति को हिरासत में ले लिया गया। बाद में महिला के कहने पर पति को छोड़ दिया गया। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।