बिजनौर में नूरपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाइक चोरी करने वाले अंतरराज्यीय चोरों का गैंग दबोचा है। पुलिस ने गैंग के पांच सदस्यों के पास से चोरी की 18 बाइक बरामद की हैं। गैंग के सभी सदस्य शातिर किस्म के अपराधी हैं।
एसपी अजय साहनी ने प्रेसवार्ता में बताया कि नूरपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को धामपुर रोड पर चेकिंग के दौरान बाइकों चोरों का गैंग दबोचा। आरोपियों ने अपने नाम धामपुर के गांव पाड़ली मांडू निवासी योगराज उर्फ भोग तथा शानू उर्फ आशुतोष, स्योहारा थाने के गांव हल्दवा निवासी मिथुन, गांव बेरखेड़ा निवासी इरफान व नूरपुर थाने के गांव उमरी निवासी समरपाल बताए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 18 बाइक बरामद की है।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद, अमरोहा, संभल, मेरठ, हापुड़ व बिजनौर से बाइक चुराते थे। बाइकों को वे पांच से सात हजार रुपये में बेच देते हैं। आरोपी चोरी की सभी बाइकों को बेचने की फिराक में लगे थे। एसपी अजय साहनी के मुताबिक सभी आरोपी शातिर किस्म के हैं। अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस का अभियान जारी रहेगा।