छतारी थाना क्षेत्र में मिली नवविवाहिता हितेश की हत्या उसके पति ने अवैध संबंधों के शक में की थी। बृहस्पतिवार सुबह हिरासत में लिए पति ने यह खुलासा किया है। वहीं, बुधवार शाम मायके पक्ष के लोगों ने धर्मपुर चौकी क्षेत्र के गोविंदपुर फाटक पर जाम लगा दिया था। सपा प्रत्याशी हरीश लोधी के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोला था।
नरौरा थाना क्षेत्र के उदयपुर निवासी हितेश पुत्री बलवीर सिंह की शादी 10 नवंबर 2016 को कोतवाली क्षेत्र के गांव बदरपुर निवासी सुरेश पुत्र स्व. भगवानदास के साथ हुई थी। हितेश के भाई रमेश पुत्र बलवीर ने 25 जनवरी को डिबाई थाने में ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाकर महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
25 जनवरी की दोपहर सुरेश ने मोबाइल पर कॉल करके हितेश को डिबाई बुलाया था। एक फरवरी की दोपहर छतारी थाना क्षेत्र के शेखूपुर के जंगल से एक महिला का शव बरामद हुआ। जिसकी शिनाख्त हितेश के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
बुधवार शाम हितेश के मायके वालों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धर्मपुर चौकी क्षेत्र के गोविंदपुर फाटक पर जाम लगा दिया था। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने आरोपी सुरेश को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि हितेश के अलीगढ़ निवासी एक युवक से अवैध संबंध थे।
जिसके चलते उसने हितेश की हत्या कर दी और शव को जंगल में फेंक दिया था। इंस्पेक्टर डिबाई ने बताया कि दो अन्य आरोपियों को तलाश किया जा रहा है।