थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में बीमार बेटी का इलाज करने के बहाने आए तांत्रिक और उसके चेले ने महिला से गैंगरेप किया। इसके बाद दोनों आरोपी घर में रखे 5500 रुपये भी निकाल कर ले गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक महिला की सात वर्षीय बेटी काफी दिनों से बीमार थी। किसी ने महिला को बताया कि एक तांत्रिक बाबा उसकी बेटी का बढ़िया इलाज कर देंगे। विश्वास कर महिला ने मेरठ निवासी तांत्रिक सईद से संपर्क किया और बेटी के इलाज के लिए बुलाया। 26 जून को तांत्रिक सईद अपने चेले दिल्ली निवासी पुनीत को लेकर महिला के घर पहुंच गया।
बेटी के इलाज के लिए तांत्रिक ने महिला से एकांत कमरे में चलने की बात कही और किसी भी अन्य व्यक्ति को आने से मना कर दिया। आरोप है कि बेटी के इलाज के बहाने कमरे में बंद कर तांत्रिक सईद और उसके चेले पुनीत ने मिलकर महिला से रेप किया।
इसके बाद आरोपी कमरे की आलमारी में रखे 5500 रुपये भी निकाल कर ले गए। घर पर किसी पुरुष सदस्य के न होने के चलते पुलिस को तत्काल सूचना नहीं दी जा सकी। पति के आने पर पीड़िता ने उसे घटना के बारे में बताया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी तांत्रिक सईद और उसके चेले पुनीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।