सगाई के दौरान डीजे पर डांस करते समय एक युवक संदिग्ध हालात में गोली लगने से घायल हो गया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया।
हॉस्पिटल की सूचना पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना सोमवार रात मुस्तफागढ़ी मोहल्ले की है।बता दें कि नरौरा निवासी टिंकू ने अपनी बहन का रिश्ता मुस्तफागढ़ी में तय किया है। सोमवार शाम वह लग्न (सगाई) लेकर गांव में गया था।
रात में करीब 11 बजे डीजे पर गांव के युवक डांस कर रहे थे। तभी डीजे पर उसका छोटा भाई राहुल (25) पुत्र मदन डांस करने लगा। पास ही एक युवक हवा में फायरिंग कर रहा था। अचानक युवक का बैलेंस बिगड़ने से एक गोली राहुल के पेट में जा लगी। जिसमें राहुल बुरी तरह घायल हो गया।
इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। परिजन राहुल को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। टिंकू ने फोन पर बताया कि राहुल की हालत गंभीर है। नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि परिजनों ने कोतवाली में कोई तहरीर नहीं दी है। अस्पताल से जानकारी मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी।