चोला चौकी क्षेत्र के सिखेड़ा मोड़ से पुलिस ने एक लुटेरे को दबोचकर पिछले दिनों सेटिन क्रेडिट केयर लिमिटेड कंपनी के कर्मियों से हुई 1.90 लाख की लूट का खुलासा किया है। आरोपी के पास से नगदी के अलावा अवैध असलहे बरामद किए गए हैं। वारदात में शामिल दो आरोपी अब भी फरार है।
देहात कोतवाल रामसेन सिंह ने बताया कि 6 मई को निजी फाइनेंस कंपनी सेटिन क्रेडिट केयर नेटवर्क लिमिटेड के सिकंदराबाद के कर्मचारी बॉबी कुमार अपने दो कर्मियों रवीद्र व अखिलेश कुमार के साथ कलेक्शन लेकर बाइक से लौट रहे थे।
तभी रास्ते में बदमाशों ने तमंचे के बल पर उन्हें रोक लिया और रुपये से भरा बैग व मोबाइल लूट लिया था। देहात कोतवाल ने बताया कि शनिवार दोपहर सूचना मिलने पर टीम ने आरोपी को दबोच लिया, जिसकी पहचान इमरान पुत्र अलीम निवासी महौली गांव थाना गुलावठी के रूप में की गई।
उसके पास से लूटी गई 8,500 रुपये बरामद की गई हैं। इमरान ने बताया कि कंपनी के कर्मचारियों की रेकी वह काफी दिन कर रहे थे। फरार लुटेरों की पहचान मुजाहिद, जाबिद व दानिश के रूप में की गई है। देहात कोतवाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।