जनता दल (युनाइटेड) पार्टी के राज्यसभा सांसद शरद यादव के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में वाद दायर कराया है। उन पर कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप है। न्यायालय ने वादी के प्रार्थना पत्र को स्वीकार करते हुए वाद की अगली सुनवाई के लिए 28 अगस्त की तारीख निश्चित की है।
बीबीनगर थाना क्षेत्र के आकापुर टियाना गांव निवासी गौरव त्यागी पुत्र महावीर सिंह ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह सावन माह में अक्सर कांवड़ लेकर आता है और शिवलिंग पर गंगाजल चढ़ाता है।
सात अगस्त 2016 को यू-ट्यूब पर उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के एक समाचार चैनल के माध्यम से सांसद शरद यादव ने कहा था कि कांवड़ियोें की भीड़ बेरोजगारी की निशानी है। आरोप है कि सांसद शरद यादव ने कांवड़ियों की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाई है।
इससे समाज में धार्मिक उन्माद फैल गया है। जिससे हिंदू धर्म एवं शिवजी के अनुयायियों व कांवड़ियों की धार्मिक भावना को ठेस पहुंची है। गौरव त्यागी ने सीआरपीसी की धारा-156(3) के तहत सीजेएम कोर्ट में वाद दायर कराया है।