विधानसभा चुनाव के दौरान गड़बड़ी फैलाने के लिए आर्डर पर अवैध हथियार बना रहे दो युवकों को पुलिस ने दबोचा लिया। औद्योगिक क्षेत्र के हृदयपुर-राजारामपुर के जंगलों में बंद पड़ी एक फैक्ट्री में हथियार बनाने का काम चल रहा था। पकड़े गए युवकों के पास से भारी मात्रा में बने-अधबने अवैध हथियार और उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस आर्डर देने वाले का पता लगाने में जुटी है।
कोतवाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रविवार रात उन्होंने पुलिस टीम के साथ औद्योगिक क्षेत्र में ह्रदयपुर-राजारामपुर के जंगल में बंदी पड़ी पेस्टोकेम फैक्ट्री में छापा मारा। उन्होंने फैक्ट्री के कमरे से दो युवकों को अवैध हथियार बनाते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।
कोतवाल ने बताया कि पकड़े गए युवकों ने अपना नाम आजाद उर्फ काले पुत्र हफीज निवासी मजीदनगर हापुड़ , तरीकत पुत्र नवाब अली निवासी गांव लाड़लाबास सिकंदराबाद निवासी बताया है। उनके पास से 12 तमंचे, एक बंदूक, एक रिवाल्वर, 20 अधबने तमंचे व भारी संख्या में तमंचे बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।
कोतवाल ने बताया कि पूछताछ में युवकों ने बताया कि उन्हें किसी ने चुनाव में अवैध हथियार की सप्लाई करने का आर्डर दिया था। पुलिस आर्डर देने वाले का पता लगाने में जुटी है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
पुआल में छिपाकर ले जाई जा रही 400 पेटी शराब पकड़ी
गाड़ी में पुआल में छिपाकर ले जाई जा रही 400 पेटी अवैध शराब को पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ लिया। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर चालक फरजान पुत्र अफजल निवासी गांव नित्यानंदपुर कस्बा किठौर जनपद मेरठ को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में फरजान ने बताया कि वह हरियाणा से दिल्ली के रास्ते होते हुए अवैध शराब को लेकर मेरठ जा रहा था। वहीं ककोड़ पुलिस ने चेकिंग के दौरान अवैध शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर ने बताया कि ककोड़ के मोहल्ला वैशयान निवासी आशीष को 40 पव्वे, ककोड़ के ही मोहल्ला मालयान निवासी ललित कुमार को दस्तूरा मोड से 48 पव्वे हरियाणा मार्का अवैध शराब के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।