पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च झोंककर पांच बंदियों के फरार होने के दो दिन बाद एसएसपी ने उन्हें जेल से लाने वाले पांच पुलिसकर्मियों को लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड कर दिया। वहीं फरार पांच बंदियों में से कोई भी पुलिस के हाथ नहीं आया है। हालांकि पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बता दें कि शुक्रवार सुबह एचसीपी अनंगपाल वालियान, कांस्टेबल सतीश कुमार, एचसीपी दयानंद, कांस्टेबल अनिरुद्ध शर्मा और वैन चालक लाल बाबू जिला कारागार से 9 बंदियों को पेशी के लिए अनूपशहर एसीजेएम कोर्ट लाए थे।
पेशी के बाद हवालात से वैन में चढ़ाते वक्त पुलिसकर्मियों की आंख में मिर्च झोंक कर बंदी राजेश पुत्र धर्मवीर, रूपेंद्र उर्फ पैना पुत्र मंगलसेन, अजय पुत्र शेर सिंह, टीटू उर्फ किरनपाल पुत्र रेशमपाल, रवि उर्फ रविंद्र पुत्र महेंद्र सिंह और राजेश उर्फ विकास उर्फ जंगलिया पुत्र दुर्गपाल भाग निकले।
पुलिसकर्मियों ने राजेश उर्फ जंगलिया को दबोच लिया था। एसएसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए थे। अब दो दिन बाद जांच रिपोर्ट में लापरवाही सामने आने पर एसएसपी अनीस अहमद अंसारी ने पांचों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है।
वहीं दूसरी ओर फरार पांच बंदियों को पकड़ना तो दूर पुलिस सुराग भी नहीं लगा पाई है। पुलिस फरार बंदियों के परिजनों-रिश्तेदारों से पूछताछ कर पकड़ने का प्रयास कर रही है।