जहांगीराबाद कोतवाली की ग्यारवां मील पुलिस चौकी के पास दो व्यक्तियों से कार सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूटपाट की। विरोध पर बदमाशों ने दोनों व्यक्तियों की पिटाई भी की। लूटपाट के बाद कोतवाली रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे पीड़ितों को पुलिस ने भगा दिया। पीड़ितों ने मामले की शिकायत एसपी देहात से की है।
जहांगीराबाद के मोहल्ला कायस्थबाड़ा निवासी मोहम्मद असजद पुत्र जमील अहमद और मोहल्ला पाठक निवासी भोलू पुत्र नन्हे रविवार को बुलंदशहर स्थित स्याना अड्डे पर जहांगीराबाद जाने के लिए बस के इंतजार में खड़े थे। रात करीब 8.15 पर एक कार जहांगीराबाद जाने की बात कहकर रुकी।
दोनों उस कार में बैठ गए। जैसे ही कार कोतवाली जहांगीराबाद क्षेत्र की ग्यारवां मील चौकी पुलिस के समीप जंगलों में पहुंची तो कार सवार बदमाशों ने तमंचे और चाकू के बल पर दोनों से मारपीट शुरू कर दी। कार को बुढ़ाने की तरफ मोड़ दिया और दोनों से लूटपाट की।
असजद से बदमाशों ने एक मोबाइल फोन और 2800 रुपये लूट लिए, जबकि भोलू से एक मोबाइल फोन और 1600 रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाश दोनों को गाड़ी से उतारकर भाग गए। पीड़ित रात में ही कोतवाली पहुंचे, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने की जगह दोनों को वहां से भगा दिया।
पीड़िता ने एसपी देहात को शिकायती पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। गौरतलब है कि इससे पहले भी जहांगीराबाद पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज नहीं करने के आरोप लगते रहे हैं।