जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से रेप की कोशिश और विरोध में घर जलाने के मामले में पीड़ित परिवार के लोगों ने शुक्रवार को शिकारपुर विधायक अनिल शर्मा के आवास पर धरना दिया। उन्होंने विधायक पर दबंग पक्ष का समर्थन करने का आरोप लगाया।
धरना देने के बाद पीड़ित परिवार ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। पीड़ितों का कहना है यदि अब भी विधायक ने आरोपियों का साथ देकर पुलिस पर दबाव बनाना नहीं छोड़ा तो लखनऊ जाकर सीएम के आवास के बाहर धरना दिया जाएगा।
पीड़ित परिवार ने डीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि 14 मार्च की रात गांव के दबंगों ने युवती के साथ रेप की कोशिश की। विरोध करने पर युवती के भाई की अंगुली काट दीं और घर फूंक दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित पक्ष के लोगों पर ही तीन मामले दर्ज कर लिए।
एसएसपी के आदेश पर 16 लोगों के खिलाफ एफआईआर हुई। दबाव पड़ने पर पुलिस ने एक-एक कर 12 आरोपियों को जेल भेज दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकारपुर विधायक अनिल शर्मा जातिगत भावना के चलते मुल्जिम पक्ष को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
विधायक की कार्यप्रणाली के विरोध में शुक्रवार दोपहर पीड़ित परिवार के लोग बुलंदशहर स्थित विधायक आवास के बाहर धरने पर बैठे। विधायक अनिल शर्मा का कहना है कि उक्त लोग खुद वांछित है। निर्दोष लोगों पर झूठी एफआईआर दर्ज कराई है। मुझको आवास के बाहर धरने की जानकारी नहीं है।