बिना पार्किंग लाइट और रिफ्लेक्टर के हाइवे किनारे खड़े ट्रक में टैंकर घुसने से व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। गुरुवार रात गांव खरखड़ा के पास हुए हादसे में अकाल मौत का ग्रास बना टैंकर चालक दूध लेकर गुरुग्राम जा रहा था। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी मुताबिक राजस्थान के जिला टोंक निवासी कैलाश सिंह गुरुवार रात दूध का टैंकर लेकर गुरुग्राम जा रहा था। अभी वह दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव खरखड़ा के पास पहुंचा था कि हाइवे किनारे खड़े ट्रक में जा घुसा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह गंभीर रूप से घायल कैलाश को बाहर निकाला और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे जयपुर ले गए जहां उपचार के दौरान कैलाश की मौत हो गई। पुलिस की जांच में सामने आया है कि जो ट्रक हाइवे किनारे खड़ा था उसकी न तो पार्किंग लाइट जल रही थी और न ही बॉडी में रिफ्लेक्टर लगे थे। धारूहेड़ा थाना के एसएचओ कुलदीप सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर ट्रक में पार्किंग लाइट और रिफ्लेक्टर न होने से दुर्घटना होने की बात सामने आई है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।