थाना क्षेत्र के गांव लोहरका में रविवार रात महेंद्रा पिकअप सवार दर्जनभर हथियारों से लैस बदमाशों ने खुद को पुलिस वाला बताकर एक किसान के घर में घुसे और उसे बंधक बनाकर 70 हजार रुपये कैश और तीन पशु लूटकर भाग गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
बता दें कि गांव लोहरका निवासी लोकेंद्र पुत्र अमर सिंह का मकान गांव के बाहरी छोर पर बना हुआ है। रविवार रात करीब एक बजे महिंद्रा पिकअप में सवार होकर दर्जनभर हथियार बंद बदमाश लोकेंद्र के मकान पर पहुंचे। बदमाशों ने खुद को पुलिस बताते हुए उसे हथियारों के बल पर डरा धमकाकर अपने कब्जे में ले लिया।
बदमाशों ने दोनों भाई लोकेंद्र और जितेंद्र को अलग-अलग चारपाई से बांध दिया। सबसे पहले बदमाशों ने लोकेंद्र की जेब में रखी करीब तीन हजार की नकदी और मोबाइल छीन लिया। बाद में बदमाशों ने संदूक में रखे करीब 65 हजार रुपये ताला तोड़कर निकाल लिए।
जाते-जाते बदमाश तीन पशुओं को खोलकर ले जाने लगे, जिसमें एक पशु छूटकर मौके से भाग गया। घटना के करीब 15 मिनट बाद दोनों भाइयों ने किसी तरह बंधन मुक्त होकर 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर जा चुके थे।
सोमवार दोपहर पीड़ित किसान ने थाने पर पहुंचकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।