बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर हिंदुस्तान लीवर कंपनी के एजेंट से तीन लाख रुपये लूट लिए। वारदात झाझर में हुई। घटना की सूचना पर एसपी सिटी, सीओ सिकंदराबाद मौके पर पहुंचे।
बिजनौर निवासी अमित ने बताया कि वह हिंदुस्तान यूनीलीवर कंपनी में कलेक्शन एजेंट हैं। सोमवार को वह गौतमबुद्ध नगर के भट्ठा पारसौल से कैश कलेक्ट कर बाइक से लौट रहे थे। अमित ने बताया कि शाम करीब 6.30 बजे झाझर में बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया।
बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उससे बैग लूट लिया। बैग में कलेक्शन के तीन लाख रुपये, मोबाइल और जरूरी कागजात थे। वारदात के बाद लुटेरे उसकी बाइक की चाभी लेकर भाग गए। अमित ने राहगीरों के फोन से पुलिस को लूट की सूचना दी। तीन लाख लूट की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया।
एक सप्ताह में ककोड़ में यह लूट की चौथी वारदात है। एसपी सिटी राम मोहन सिंह मौके पर पहुंचे। सिकंदराबाद सीओ धर्मेंद्र कुमार यादव ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने के लिए कांबिंग की जा रही है। साथ ही पीड़ित से मामले की जानकारी ली जा रही है। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, समाचार लिखे जाने तक मामले में रिपोर्ट नहीं दर्ज नहीं हुई थी।