धमरावली गांव में बच्चों के झगड़े के बाद पुरानी रंजिश भड़क गई। एक पक्ष ने दूसरे के घर में घुसकर हमला कर दिया। मारपीट के दरम्यान हुई फायरिंग में दो भाई घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल से मेरठ रेफर किया गया है।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने सात लोगों को नामजद किया है। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से रंजिश चल रही है। मेघेंद्र सिंह पुत्र जयचंद ने पुलिस को बताया कि गांव का एक परिवार उनसे रंजिश रखता है। सोमवार रात करीब नौ बजे दोनों पक्षों के बच्चों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
इस पर गुस्साए एक पक्ष के रेशमपाल, दिनेश पुत्रगण शीशपाल, शीशपाल, सतपाल पुत्रगण गोपी, रवि सागर पुत्र बृजभान, प्रवीण पुत्र ऋषिपाल और प्रकाश पुत्र छिद्दू लाठी व हथियार से लैस होकर दूसरे पक्ष के घर में घुस गए।
आरोपियों ने गाली-गलौंच कर हमला कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उदय सिंह (44) और पिता जयचंद (60) पुत्रगण वेदराम को गोली मार दी। दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने दोनों को मेरठ रेफर कर दिया।
देहात कोतवाल रामसेन सिंह ने बताया कि रेशमपाल, दिनेश, शीशपाल, सतपाल, रवि सागर, प्रवीण और प्रकाश के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।