मोहल्ला राजनगर में रहने वाले अधिवक्ता की ढाई वर्षीय पुत्री खेलते समय घर के सामने नाले में गिर गई। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने नगर पालिका पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया। बच्ची की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चांदपुर रोड स्थित मोहल्ला राजनगर निवासी सुधीर पेशे से अधिवक्ता हैं। सुधीर के घर के निकट नाला निकल रहा है। बुधवार शाम करीब 4.30 बजे ढाई वर्षीय बच्ची इशिका घर के निकट खेल रही थी। तभी अचानक वह नाले में जा गिरी।
राहगीरों ने शोर मचाया और किसी तरह बच्ची को बाहर निकाला। परिजन बच्ची को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने नाला ढकने के लिए तीन बार नगर पालिका में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। वहीं परिजनों ने खबर लिखे जाने तक पुलिस में कोई तहरीर नहीं दी। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
15 जून 2016 में साठा में चार वर्षीय लड़के की नाले में गिरकर मौत हो गई थी।
सितंबर 2016 में मोहल्ला इस्लामाबाद में नाले के निकट कूड़ा बीन रहे दो बच्चों की नाले में डूबने से मौत हो गई थी।