पांच महीने के बच्चे को डॉक्टर को दिखाकर लौट रहे बाइक सवार दंपति को सोमवार देर शाम कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में मासूम समेत तीनों लोगों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक कार समेत भाग निकला। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और मृतकों की शिनाख्त की। इस मामले में खबर लिखे जाने तक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा सकी थी हादसा कोतवाली क्षेत्र के गांव लोधई के पास देर शाम सवा सात बजे हुआ।
गांव लोधई निवासी चंचल सिंह का 26 वर्षीय पुत्र विक्रम और उसकी पत्नी कुसुम (22) अपने पांच माह के बीमार पुत्र को जहांगीराबाद में डॉक्टर को दिखाने लाए थे। दवा दिलाकर गांव लौटते वक्त सायं करीब सवा सात बजे गांव से कुछ पहले सामने की ओर से तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
तीनों सिर के बल सड़क पर गिरे। चालक यह देख कार सहित भाग निकला। राहगीरों ने ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल तीनों को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां तीनों ने उपचार से पहले ही दम तोड़ दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही जहां पूरे गांव मे मातम पसर गया वही सैंकड़ों की तादात मे लोगो की भीड़ अस्पताल मे एकत्रित हो गई। समाचार लिखे जाने तक देर रात तक पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई मे जुटी थी।
कोतवाल प्रभात कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाऐगा वही आरोपी वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाल के मुताबिक मृतक विक्रम गांव के बाहर ही पिंचर आदि लगाने का काम करता था।