प्रेमनगर में शुक्रवार सुबह बीटेक छात्रा का शव बाथरूम में मिला। पुलिस का कहना है कि छात्रा दिल के दौरे की बीमारी से पीड़ित थी। हालांकि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आने की उम्मीद है।
यूपी के बुलंदशहर निवासी प्रमोद शर्मा की पुत्री दिशा प्रेमनगर क्षेत्र के एक कालेज में बीटेक (द्वितीय) करने के साथ प्रेमनगर के विंग नंबर छह में किराए पर रहती थी। शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे के करीब दिशा नहाने के लिए बाथरूम में गई।
जब काफी देर बाद भी वह बाहर नहीं आई तो मकान मालिक को शक हुआ। उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वीडियोग्राफी के बीच बाथरूम का दरवाजा तोड़कर छात्रा को बाहर निकाला।
पुलिस उसे लेकर अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सका ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। एसओ प्रेमनगर यशपाल बिष्ट के मुताबिक छात्रा को दौरे पड़ते थे। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम के बाद सामने आ पाएगा। मामले की सूचना पाकर छात्रा के परिजन दून पहुंच गए।