कस्बे में शिव मंदिर के निकट सराफ के घर शुक्रवार शाम बदमाशों ने भिखारी बनकर दरवाजा खुलवाया। बदमाशों ने तीन साल की मासूम के कनपटी पर तमंचा रखकर महिला को बंधक बना लिया। बदमाश घर में रखा 50 हजार कैश और डेढ़ लाख के जेवरात लूटकर भाग गए। दुकान बंद कर घर पहुंचे महिला के ससुर ने पुत्रवधु को बंधनमुक्त कराया।
पुलिस ने सराफ की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है। कुलदीप वर्मा पुत्र जगदीश वर्मा का रामलीला ग्राउंड के निकट शिव मंदिर के पास घर है। पिता-पुत्र की गुल्लक बाजार में सराफ की दुकान है। कुलदीप ने बताया कि घर पर पत्नी रीता व तीन साल की पुत्री छवि रहते हैं।
शुक्रवार शाम शाम 5.30 बजे एक भिखारी ने दरवाजा खटखटाया तभी पत्नी रीता आवाज सुनकर आई और एक भिखारी के साथ चार बदमाश घर में घुस गए। बदमाशों ने तीन साल की मासूम बेटी छवि की कनपटी पर तमंचा रखकर रीता को गन प्वाइंट पर ले लिया। बदमाशों ने रीता को बंधक बना लिया। बदमाशों ने करीब 40 मिनट तक घर में तांडव मचाया।
बदमाश घर में रखा 50 हजार कैश और डेढ़ लाख के जेवरात लूटकर भाग गए। थोड़ी देर बाद दुकान बंद कर जगदीश घूमते हुए घर पहुंचे। दरवाजा खुला देखकर जगदीश चौंक गए। अंदर घुसकर देखा तो पुत्रवधु रीता और मासूम छवि के हाथ-पैर बंधे हुए थे। लेकिन तब तक बदमाश घर से जा चुके थे। रीता ने अपने ससुर और पति को आपबीती बताई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए कांबिंग की लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़कर वारदात का खुलासा किया जाएगा। शहर के बीचोंबीच हुई इस घटना से पहासू के लोगों में दहशत है।