बालेश्वर की हत्या वर्ष 2006 में हुई लाला की हत्या का बदला लेने के लिए की गई थी। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कार के अलावा आरोपियों के पास से बैंक पास बुक, पैन कार्ड, पहचान पत्र, हाथ की लिखी डायरी बरामद की है। अभी चार आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है।
बता दें कि जौली निवासी बालेश्वर का 10 नवंबर को हदीमपुर गांव में पेड़ पर लटका शव मिला था। मृतक के लड़के विनोद ने अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने बताया कि वर्ष 2006 में कैलु उर्फ कैलाश पक्ष के लाला की हत्या हो गई थी। लाला की हत्या में बालेश्वर, व उसके लड़के विनोद, दीपक जेल गए थे। पुलिस ने बताया पूछताछ में कैलू ने बताया कि लाला की हत्या का बदला लेने के लिए उसने कपिल पुत्र कैलाश, पुष्पेंद्र पुत्र सुरेश, महेश पुत्र नारायण, कौशिंद पुत्र चिंता, परविंद्र पुत्र राजपाल, निवासीगण ग्राम जौली, लखन पुत्र श्यामवीर, ग्राम मलपुर, अमित पुत्र राजेंद्र हिम्मतपुर सिभ्भावली हापुड़, के साथ 9 नवंबर की शाम बालेश्वर का अपहरण कर लिया। और आल्टो गाड़ी से हदीमपुर के जंगल में ले जाकर पेड़ से लटका उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने कैलू, कपिल, लखन, अमित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि बाकी चार आरोपी अभी फरार है।