पुलिस चोरी के बारे में पूछताछ करते हुए
- फोटो : ब्यूरो
कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित मैरिज होम में दुल्हन के भात में आए जेवरात और नगदी से भरे बैग को चोरों ने साफ कर दिया। चोरों की करतूत मैरिज होम में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने फुुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
सरायधारी निवासी मोहम्मद नफीस पुत्र अमानतुल्ला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सिलाई का काम करके परिवार का पेट भरता है। 24 सितंबर 2016 को बेटी फरीन का निकाह था। बारात भूड़ चौराहे के निकट आंचल मैरिज होम में आई थी। जिस समय मैरिज होम में दूल्हा आया था तो उस समय परिवार के लोग काम में व्यस्त थे।
भात में एक सोने की लौंग, दो सोने के कुंडल, एक जोड़ी पाजेब, एक चांदी का गले का पैंडिल, एक सोने की चेन, एक चांदी का टीका, एक चांदी की अंगूठी और 63,765 रुपये आए थे। व्यस्तता के कारण पत्नी फिरदोस ने बड़े भाई जफर अहमद पुत्र अमानतुल्ला को सारा सामान एक बैग में रखकर दे दिया। इसी दौरान बारात खाना खाने लगी।
थोड़ी देर बाद पत्नी ने जब सामान से भरा बैग मांगा तो बैग गायब था। मैरिज होम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कराई तो देखा कि एक लड़की और एक लड़का उस बैग को लेकर बाहर निकल रहे हैं। देहात पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।