मोहल्ला रामनगर निवासी चार माह के बच्चे बबलू पुत्र प्रदीप की टीकाकरण के बाद रविवार सुबह मौत हो गई। परिजनों ने सरकारी अस्पताल में हंगामा किया। मृतक बच्चे के पिता प्रदीप ने थाने में तहरीर दी है।
बच्चे के पिता प्रदीप का आरोप है कि शनिवार को उसे स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बच्चे को टीका लगाया गया था तथा उसके बाद खाने को एक गोली दी गई थी, रात्रि में बच्चे की तबियत बिगड़ गई। उसे रविवार की तड़के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। परिजनों की केंद्र अधीक्षक से नोकझाेंक भी हुई। उसके बाद परिजन थाने चले गए। प्रदीप कुमार ने बबलू की मौत के लिए स्वास्थ्य टीम की लापरवाही को जिम्मेदार बताते हुए थाने में तहरीर दी है।
एसओ बृमेश यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। अधिकारियों के आदेश के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। वहीं, सीएचसी अधीक्षक डॉ. राकेश चन्द्रा का कहना है कि बच्चे की मौत का कारण टीका अथवा गोली खाना नहीं है।