जंक्शन क्षेत्र में दुकानदार को लूटने जा रहे सात लुटेरों का गिरोह पुलिस ने चेकिंग के दौरान दबोच लिया। उनके पास से लूटी गईं तीन बाइकें, तमंचा-पिस्टल और छुरी बरामद हुई है।
पूछताछ में पता चला कि यह बंटी-बबलू गैंग है जो कैश ले जाने वालों को रास्ते में रोककर लूटता है। इनके खिलाफ रबूपुरा में कई मामले दर्ज हैं।
एसपी देहात पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि खुर्जा जंक्शन चौकी प्रभारी शौकेंद्र सिंह टीम के साथ अरनिया मौजपुर के पास चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार सात लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा कर दबोचे जाने पर उनके पास पिस्टल, तमंचा, दो चाकू और तीन छुरी मिली।
उनकी पहचान गौतमबुद्धनगर के रबूपुरा स्थित मुरादगढ़ी निवासी बंटी, बबली पुत्रगण भोजराज, भुन्ना निवासी अर्जुन पुत्र लेखराज, खुर्जा के अरनिया मौजपुर निवासी राहुल पुत्र मुकेश सैनी, जेवर के नगला होंडा निवासी वाजिद पुत्र मोहम्मद अली, आमिल पुत्र जमील और अरनिया थाना के रुकनपुर निवासी कौशिक पुत्र कैलाश के रूप में की गई।