नगर क्षेत्र में रहने वाली महिला का उसके ससुरालियों ने पांच दिन पहले गला दबाकर मारने की कोशिश की। पीड़िता ने इसकी एसएसपी को तहरीर दी। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी विजेंद्र सिंह की पुत्री मनीषा ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी 21 नवंबर 2011 को ईश्वरचंद विद्या सागर पुत्र गुलाब सिंह निवासी बुलंदशहर से हुई थी। शादी के बाद से ही पति आए दिन दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने लगे। ससुर गुलाब सिंह, सास बिल्ला, ननद बॉबी व पति ईश्वरचंद ने दहेज में दो लाख रुपये व एक कार की मांग की।
मांग पूरी न होने पर भूखा प्यासा रखने लगे। 29 जुलाई 2015 की शाम जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया। करीब दो माह पहले पति ने अपनी गलती मानी और समझाकर अपने साथ ले गया। कुछ दिन बार ससुराली फिर परेशान रखने लगे।
पांच जनवरी 2017 की शाम मारपीट की और गला दबाकर मारने का प्रयास किया। पीड़िता का आरोप है कि जब वह थाने पर तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज कराने गई तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। नगर कोतवाल ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।