पुरानी रंजिश में परम डेयरी के सेल्समैन और उसके भाई पर तीन लोगों ने जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। फिर जान से मारने की धमकी देकर आरोपी भाग गए।
पीड़ित ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बहलीमपुरा निवासी दीपक पुत्र धनपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि वह देहरादून में परम डेयरी में सेल्समैन के पद पर कार्यरत हैं।
8 दिसंबर की शाम करीब 6.30 बजे बस वह बुलंदशहर नए रोडवेज बस अड्डे पर पहुंचे। सूचना पर छोटा भाई राकेश भी बाइक लेकर उन्हें लेने के लिए पहुंचा था।
आरोप है कि इसी दौरान पवन पुत्र हुकुम सिंह, विजय पुत्र चंद्रगुप्त और महेंद्र पुत्र टुकीराम ने राकेश से गाली-गलौंच शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दुकानदार दंपति पर किया हमला
अंसारी रोड पर दुकान का सामान बाहर निकालने पर पड़ोसी ने तीन साथियों के साथ मिलकर दुकानदार दंपति की पिटाई कर दी।
पीड़ित ने एक आरोपी को नामजद करा चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। लक्ष्मी नगर निवासी शुभम शर्मा पुत्र नरेंद्र शर्मा ने पुलिस को बताया है कि वह अंसारी रोड पर पूजा भंडार नाम से दुकान चलाते हैं।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे दुकान खोलने के बाद कुछ सामान शटर के बाहर निकाल रहे थे। इसी दौरान इस पर पड़ोसी विशाल गर्ग भड़क गया।
आरोपी ने गाली-गलौंच शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उनकी पिटाई कर दी।
नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर विशाल गर्ग और उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।