बुलंदशहर/खुर्जा(ब्यूरो)। दिल्ली से टैक्सी में कार बुक कराकर अलीगढ़ ले जा रहे महिला समेत चार बदमाशों ने खुर्जा देहात क्षेत्र में इसको लूट लिया। विरोध करने पर कार चालक से मारपीट कर फेंक गए।
वायरलैस पर लूट का मैसेज चलने पर अलर्ट हुई कोतवाली देहात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक महिला समेत चार बदमाशों को पकड़ लिया। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
रविवार शाम महिला समेत चार लोगों ने दिल्ली से अलीगढ़ के गभाना के लिए अल्टो कार बुक की थी। दिल्ली निवासी कार मालिक अनिल शर्मा ही कार चला रहे थे। वह एक महिला समेत चार लोगों को लेकर गभाना के लिए चले थे।
देहात थाना क्षेत्र के अगवाल फ्लाईओवर पर कार सवार एक व्यक्ति ने अनिल शर्मा को तमंचे से आतंकित कर कार रुकवा ली। अनिल शर्मा ने जब इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट कर दी।
बदमाशों ने अनिल शर्मा को कार से धक्का देकर बाहर फेंक दिया। वह कार लेकर भाग खड़े हुए। पीड़ित अनिल शर्मा ने सौ नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मैसेज फ्लैश होने पर अलर्ट हुई कोतवाली देहात पुलिस ने नाकेबंदी कर मुठभेड़ के बाद एक महिला समेत चार बदमाशों को पकड़ लिया।
उनके पास से दो तमंचे भी बरामद हुए हैं। पुलिस बदमाशों को आपराधिक इतिहास तलाश रही है। इनसे कार लूट की कई घटनाओं का खुलासा हो सकता है।