विधानसभा के 398 बूथों और 251 केंद्रों पर छुटपुट घटनाओं के बीच सिकंदराबाद विधानसभा का मतदान संपन्न हो गया। मतदान के दौरान सुरक्षाबलों की चौकसी के चलते कहीं से अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। हालांकि कुछ केंद्रों पर दो प्रत्याशियों के समर्थकों में फर्जी वोटिंग का आरोप लगाकर नोकझोंक हुई, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने मामला संभाल लिया।
शानिवार को मतदान के दौरान विधानसभा के कुछ केंद्रों पर प्रत्याशियों के समर्थकों ने एक-दूसरे पर फर्जी वोटिंग का आरोप लगाकर हंगामा किया। केंद्र पर तैनात सुरक्षा बल ने हलका बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को शांत करा दिया। वहीं, दूसरे नाम की पर्ची से वोट डालने पहुंचे मतदाता को पुलिस ने मुर्गा बनाया।
मतदान केंद्र के दो सौ मीटर के दायरे में भीड़ जमा होने पर कई केंद्रों पर सुरक्षा बलों ने लाठियां फटकारी। चौधरी यशवीर सिंह जिला चुनाव प्रभारी का कहना है कि मतदान के दौरान सिकंदराबाद विधानसभा में किसी भी मतदान केंद्र पर कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। वहीं, सिकंदराबाद कोतवाल का कहना है कि फर्जी मतदान की सूचना पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया था। वोटिंग खत्म होने के बाद सभी छोड़ दिया गया।