परिजनों और ग्रामीणों को दिए गए कप्तान के अल्टीमेटम के बाद रविवार को पुलिस ने दुष्यंत भाटी पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। दुष्यंत भाटी की गिरफ्तारी को लेकर सिकंदराबाद-ककोड़ पुलिस संभावित स्थानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। पुलिस ने पूछताछ के लिए दुष्यंत भाटी के कई करीबियों को भी हिरासत में लिया है।
बता दें की 20 फरवरी की रात्रि में ककोड़ क्षेत्र के गांव वैर निवासी भाकियू क्षेत्रीय प्रवक्ता अशोक भाटी की भट्टा पारसौल से कार से घर लौटते समय बाइक सवार बदमाशों ने अलीपुरा गांव के बाहर बंबे पर गोली मारकर हत्या कर दी थी।
मृतक के पिता राजन भाटी ने गांव रोनी सलौनी निवासी वैर स्थित एएसबी इंटर कॉलेज के प्रबंधक दुष्यंत भाटी हाल निवासी सिकंदराबाद पर रंजिशन शूटरों से हत्या कराने का आरोप लगाया था। पुलिस ने दुष्यंत भाटी समेत तीन अज्ञात को अशोक भाटी की हत्या में नामजद किया था।
एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर शनिवार को सिकंदराबाद-जेवर स्टेट हाईवे को चार घंटे तक जाम कर दिया था। गिरफ्तारी नहीं होने पर एसएसपी सोनिया सिंह ने ककोड़ इंस्पेक्टर वीके मिश्रा को जमकर फटकार लगाई थी और जांच को सिकंदराबाद ट्रांसफर कर दिया था।
गिरफ्तारी के लिए सिकंदराबाद-ककोड़ पुलिस संभावित स्थानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। सीओ चौधरी यशवीर सिंह ने बताया कि सिकंदराबाद-ककोड़ पुलिस के अलावा एसओजी भी दुष्यंत भाटी को गिरफ्तार करने में जुटी है। बताया कि पूछताछ के लिए दुष्यंत भाटी के करीबियों को हिरासत में लिया गया है।