नई मंडी चौकी क्षेत्र के एक गांव में रेप पीड़िता पर एसिड अटैक का सच जानने के लिए पुलिस डेमो कराएगी। पुलिस महिला के पति (वादी) को दोबारा पेड़ से बांधकर जानेगी कि आखिर कैसे उसने बंधक बनने के बावजूद परिजनों को फोन पर जानकारी दी।
शुरुआत से घटना को संदिग्ध मानकर चल रही पुलिस ने मामले को तूल पकड़ता देख जांच तेज कर दी है। पुलिस पीड़िता के कपड़ों और मौका-ए-वारदात से मिले सबूतों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजेगी।हाईवे-91 गैंगरेप की तरह मामले को तूल पकड़ता देखकर पुलिस अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए।
मंगलवार दोपहर विवेचक से लेकर अधिकारियों ने जांच तेज कर दी। पुलिस सच जानने के लिए महिला के पति (वादी) को मौका-ए-वारदात पर ले जाएगी। डेमो कर जानने की कोशिश करेगी कि वारदात के समय कौन आरोपी कहां था।
साथ ही वादी ने पेड़ से बंधे रहते हुए आखिर कैसे जेब से मोबाइल निकालकर अपने परिजनों को फोन कर दिया। पुलिस जल्दबाजी में कोई भी कार्रवाई करने के मूड में नहीं है। वहीं, पीड़िता ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए बताया कि जब वह रेप की तहरीर लेकर चौकी गई थी तो पुलिसकर्मियों ने उसे वहां से भगा दिया।
जिसके बाद उसे कोर्ट का सहारा लेना पड़ा। वहीं, एसपी सिटी मान सिंह चौहान का कहना है कि एक तेजाब की बोतल वादी के घर से भी बरामद हुई है। घटना के वक्त नामजद तीनों आरोपियों के मोबाइल की लोकेशन नोएडा सेक्टर-39 में आ रही है। तेजाब पड़े कपड़ों व मौका-ए-वारदात से मिले सबूतों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। किसी भी निर्दोष को किसी भी कीमत पर जेल नहीं भेजा जाएगा।