तीन माह बाद भी नहीं मिला युवक का सुराग
खुर्जा। करीब तीन माह से गायब युवक का सुराग पुलिस अभी तक नहीं लगा पाई। परिजनों के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी हत्या कर नहर में फेंकने की बात पुलिस के सामने कबूल कर चुके हैं। सड़क हादसे में बड़े बेटे की मौत से सदमे में आ चुकी मां की हालत अब छोटे बेटे के इंतजार में पागलों जैसी हो गई है। परिजन थाने से लेकर एसएसपी कार्यालय तक चक्कर लगाते-लगाते परेशान हैं। अब उन्होंने आईजी मेरठ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब हो कि न्यू शिवपुरी गली नंबर 12 निवासी मुकेश कुमार का भांजा 26 मई को नाले की तरफ जाने की बात कहकर घर से निकला था। लेकिन उसके बाद से वह लापता है। काफी तलाश के बाद कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने अपहरण की रिपोर्ट 3 जून को चार लोगों के खिलाफ दर्ज कराई थी। मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने उनमें से चारो आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ की तो पता चला कि मुख्य आरोपी ने योजना के अनुसार उनके भांजे कपिल को नाले पर बुलाया था। कपिल को जबरन बैठाकर शिकारपुर रोड स्थित सेमड़ा नहर पुल पर ले जाया गया। इसके बाद गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को नहर के पानी में फेंक दिया गया। पीड़ित मुकेश कुमार ने बताया कि वह कोतवाली से लेकर एसएसपी कार्यालय तक कई चक्कर लगा चुके, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उधर सड़क हादसे में बड़े बेटे को खो चुकी कपिल की मां की हालत छोटे बेटे के गायब होने से पागलों जैसी हो गई है। वह दिन भर बेटे के इंतजार में बैठी रहती है।