चिकित्सक से मांगी तीन लाख की रंगदारी
- नहीं देने पर बेटे को उठाने की दी धमकी
- पीड़ित ने अज्ञात कालर के खिलाफ दी तहरीर
सिकंदराबाद। नगर के चिकित्सक से तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। रंगदारी नहीं देने पर बेटे को स्कूल से उठाने की धमकी दी है। धमकी से चिकित्सक व उसका परिवार काफी डरा हुआ है। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
नई बस्ती चौधरीवाड़ा निवासी मोहम्मद इलियास पुत्र अहमद हमीद ने बताया कि वह पेशे से चिकित्सक है। नगर में उसका प्राइवेट क्लीनिक है। बताया कि रविवार की शाम करीब 6 बजे उनके मोबाइल पर काल आई फोन रिसीव करते ही कालर ने गाली-गलौच शुरू कर दी। गाली देने का कारण पूछने पर कालर ने दो दिन में तीन लाख रुपये उनके बताए पते पर पहुंचाने के लिए कहा। रुपये नहीं पहुंचाने पर उनके बेटे को स्कूल से उठाने की धमकी दी। चिकित्सक ने बताया कि धमकी से वह, उनका परिवार काफी डरा सहमा है। कोतवाल संजय पांचाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।े